Breaking
Wed. Sep 9th, 2026

*मांगीलाल रूंगटा प्लस टू विद्यालय में ईएलसी क्लब कार्यक्रम, विद्यार्थियों को मतदाता जागरूकता की दी सीख*

चाईबासा: मांगीलाल रूंगटा प्लस टू विद्यालय में बुधवार को ईएलसी (Electoral Literacy Club) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त मनीष कुमार शामिल हुए। उनके साथ सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) तथा सदर और खूंटपानी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) भी मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय की प्राचार्या शिल्पा गुप्ता द्वारा अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। उन्होंने कार्यक्रम के उद्देश्यों और मुख्य बिंदुओं की जानकारी दी। इस दौरान अतिथियों ने विद्यार्थियों को ईएलसी क्लब के महत्व और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में विशेष रूप से 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के विद्यार्थियों को मतदाता पहचान पत्र बनवाने की प्रक्रिया और इसके महत्व के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को अपने मताधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने विद्यार्थियों को शिक्षा, जीवन में लक्ष्य निर्धारित करने, नैतिक मूल्यों को अपनाने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने प्रेरक कहानियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने की सीख दी। उनके संबोधन से विद्यार्थी और शिक्षक प्रभावित हुए।

कार्यक्रम का संचालन सुषमा जोजोवार एवं ज्योति तियु ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शकुंतला बाँकिरा, अनंजय प्रसाद, लेखा सिंह, प्रियंकिनी केराई तथा ईएलसी क्लब के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

विद्यालय में ईएलसी क्लब की स्थापना विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, मतदान के प्रति जागरूकता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

Related Post