Breaking
Wed. Aug 19th, 2026

*अमला टोला से गुरुद्वारा तक जल निकासी का निरीक्षण, स्थायी समाधान के निर्देश*

चाईबासा: तेज बारिश के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में जलजमाव की समस्या को देखते हुए नगर परिषद ने इसके स्थायी समाधान की दिशा में पहल तेज कर दी है। बुधवार को नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने अमला टोला से शांति नगर, गाड़ीखाना होते हुए गुरुद्वारा क्षेत्र तक स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जलजमाव के कारणों की जानकारी लेते हुए जल निकासी की व्यवस्था का जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि गुरुद्वारा के समीप नाली का मार्ग संकरा होने के कारण पर्याप्त मात्रा में पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इसके चलते तेज बारिश के दौरान आसपास के क्षेत्रों में जलजमाव की स्थिति बन जाती है। नगर परिषद की टीम ने मौके पर आवश्यक स्थल का चिह्नीकरण किया।

नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल निकासी की क्षमता बढ़ाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केवल अस्थायी समाधान के बजाय जलजमाव के मूल कारण को चिन्हित कर स्थायी तकनीकी सुधार किया जाएगा।

उपायुक्त मनीष कुमार ने भी शहर में जलजमाव की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर नगर परिषद को आवश्यक प्रशासनिक सहयोग और समन्वय का भरोसा दिया है। नितिन प्रकाश ने कहा कि जिला प्रशासन के सहयोग से जलजमाव की समस्या का दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है। शहर के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों का भी क्रमवार निरीक्षण किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान वार्ड पार्षद चंदू कारवां, सन्नी पासवान एवं मुकेश जोगी, सिटी मैनेजर लोकेश सिंह, चाईबासा अंचल के राजस्व कर्मचारी उमंग पांडे, एनएच के जेई, नगर परिषद के जेई नरेंद्र कुमार, नगर परिषद कर्मी परवेज फरहान तथा गुरुद्वारा प्रबंधन से गुरमुख सिंह खोखर सहित तकनीकी विशेषज्ञ और संबंधित कर्मी मौजूद थे।

Related Post