Breaking
Tue. Aug 18th, 2026

छात्रावास निर्माण के नाम पर भारी मात्रा में बालू का स्टॉक, प्रशासन को नहीं है जानकारी

गुड़ाबांदा। पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड अंतर्गत ज्वालकाटा स्थित मिलन बीथि प्लस टू विद्यालय के छात्रावास के पीछे भारी मात्रा में बालू जमा किए जाने का मामला सामने आया है। विद्यालय के पीछे किए गए इस बालू के भंडारण को लेकर स्थानीय स्तर पर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित छात्रावास निर्माण के लिए बालू जमा किया गया है, लेकिन निर्माण कार्य को लेकर अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं है।

स्थानीय लोगों के अनुसार छात्रावास निर्माण स्थल पर न तो योजना से संबंधित कोई स्पष्ट सूचना पट लगा है और न ही निर्माण कार्य शुरू होने की जानकारी विद्यालय प्रबंधन को है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि वास्तव में छात्रावास निर्माण के लिए बालू जमा किया गया है तो योजना की स्वीकृति, निर्माण एजेंसी और कार्य शुरू करने के आदेश से संबंधित जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए।

मामले को लेकर यह भी सवाल उठ रहा है कि बालू का इतना बड़ा स्टॉक किसकी अनुमति से किया गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक अंचल स्तर पर भी इस प्रकार के भंडारण की पूर्व जानकारी होने की बात सामने नहीं आई है। इससे बालू के स्रोत और उसके भंडारण की वैधता को लेकर संदेह पैदा हो गया है।

कुछ ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि छात्रावास निर्माण की आड़ में बालू का अवैध भंडारण किया जा सकता है। हालांकि इस आशंका की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कराने, बालू कहां से लाया गया इसकी जानकारी जुटाने तथा भंडारण के लिए अनुमति ली गई है या नहीं, इसकी जांच करने की मांग की है।

इस संबंध में गुड़ाबांदा के बीडीओ सह सीओ डांगुर कोड़ाह ने बताया कि उन्हें बालू स्टॉक किए जाने की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी लेकर इसकी जांच कराई जाएगी। अब प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विद्यालय के पीछे बड़ी मात्रा में बालू किस उद्देश्य से और किसकी अनुमति से जमा किया गया है।

Related Post