Breaking
Tue. Aug 18th, 2026

*भारी बारिश को लेकर चाईबासा नगर परिषद ने जारी की चेतावनी, तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की अपील*

चाईबासा: लगातार हो रही भारी बारिश के बीच चाईबासा नगर परिषद ने नगर क्षेत्र के लोगों को संभावित बाढ़ की स्थिति को लेकर सतर्क रहने की अपील की है। नगर परिषद की ओर से तटवर्ती बस्तियों और नदी के आसपास रहने वाले लोगों के लिए विशेष चेतावनी जारी की गई है।

नगर परिषद के अनुसार लगातार बारिश के कारण स्थानीय नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसे देखते हुए संभावित बाढ़ और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए नगर परिषद की ओर से मुनादी तथा लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान के दौरान लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।

नगर परिषद ने नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सुरक्षित एवं ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे नदी के किनारे जाने से बचें। बहते पानी और जलजमाव वाले क्षेत्रों में किसी भी परिस्थिति में प्रवेश नहीं करें। बारिश के कारण जलस्तर बढ़ने की स्थिति में नदी और आसपास के क्षेत्रों में खतरा बढ़ सकता है।

नगर परिषद ने अभिभावकों से विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। बच्चों को नदी, नालों और जलभराव वाले इलाकों के आसपास खेलने या घूमने के लिए नहीं जाने देने की अपील की गई है। नगर परिषद ने कहा कि बारिश के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी परेशानी का कारण बन सकती है, इसलिए सभी लोग अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

नगर परिषद की ओर से लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन की ओर से जारी सूचनाओं का पालन करने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सुरक्षित स्थान पर जाने और आसपास के लोगों को भी इसकी जानकारी देने को कहा गया है।

चाईबासा नगर परिषद ने बताया कि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। संभावित आपदा की स्थिति में लोगों की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नगर परिषद ने नागरिकों से किसी भी तरह की सहायता की आवश्यकता होने पर नगर परिषद कार्यालय से संपर्क करने की अपील की है।

Related Post