चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के तांतनगर प्रखंड अंतर्गत उलीडीह गांव में खूंटी जिले के दुलमी पहाड़ में नक्सली मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए जवान रूमुल सवैयां के शहादत दिवस पर आदिवासी हो समाज युवा महासभा की ओर से श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शहीद रूमुल सवैयां की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला अध्यक्ष शेरसिंह बिरुवा ने शहीद के परिजनों के साथ उलीडीह स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने शहीद के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों और बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शेरसिंह बिरुवा ने कहा कि रूमुल सवैयां केवल एक वीर योद्धा ही नहीं, बल्कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी, सरल, सहज और मिलनसार व्यक्तित्व के व्यक्ति थे। उन्होंने देश और समाज की सेवा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका साहस, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
उन्होंने कहा कि वीर शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। शहीद रूमुल सवैयां की स्मृति और उनके आदर्शों को जीवंत रखना समाज की जिम्मेदारी है। उनकी शहादत आने वाली पीढ़ियों को देश और समाज के प्रति कर्तव्य निभाने की प्रेरणा देती रहेगी।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में शहीद रूमुल सवैयां के परिवार के सदस्यों के अलावा आदिवासी हो समाज युवा महासभा के जिला सचिव ओयबन हेंब्रम, पूर्व मुखिया नटवर लाल बिरुवा, सुखलाल सरदार, छोटा सवैयां, पंकज गोप सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

