Breaking
Mon. Aug 17th, 2026

*मंझारी में बाइक की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आरोपी चालक फरार*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र में रविवार रात सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक की पहचान भागाबिला गांव निवासी सुंदरा बिरूवा के रूप में हुई है। हादसे के बाद बाइक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, सुंदरा बिरूवा रविवार को नीचे टोला गांव में गांव के पुजारी से मिलने गए थे। वहां से रात करीब आठ बजे वे पैदल अपने घर भागाबिला लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रही एक बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद सुंदरा बिरूवा सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें उठाया और इलाज के लिए मंझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद मंझारी पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सोमवार को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, सुंदरा बिरूवा नीचे टोला से अकेले पैदल अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से भाग निकला।

परिजनों ने बताया कि बाइक चालक ताड़ापाई गांव का रहने वाला बताया जा रहा है, लेकिन अभी तक उसका नाम और पूरा पता सामने नहीं आया है। वहीं मंझारी थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी बाइक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है।

हादसे के बाद भागाबिला गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई करने और सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतने की मांग की है।

Related Post