Breaking
Wed. Aug 12th, 2026

नशामुक्त भारत बस यात्रा ने जमशेदपुर में बढ़ाया जागरूकता का कारवां, 31 स्थानों पर होंगे कार्यक्रम

जमशेदपुर। नशामुक्त भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देशभर में चलाए जा रहे अभियान के तहत जमशेदपुर में नशामुक्त भारत बस यात्रा लगातार लोगों को जागरूक कर रही है। दस करोड़ लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाने के लक्ष्य के साथ शुरू की गई यह विशेष बस यात्रा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर युवाओं, विद्यार्थियों और आम लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत कर रही है।

जमशेदपुर में इस बस यात्रा का शुभारंभ 7 अगस्त को झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने मरीन ड्राइव स्थित ब्रह्माकुमारीज के यूनिवर्सल पीस पैलेस सेवा केंद्र से किया था। इसके बाद से बस शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंच रही है। स्कूल, कॉलेज, बस पड़ाव, बस स्टैंड, ऑटो स्टैंड, पार्क, होटल, मॉल और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

ब्रह्माकुमारीज कोल्हान प्रभारी बीके अंजू दीदी ने बताया कि 12 अगस्त को बस यात्रा कदमा के शास्त्री नगर, उलियान और आसपास के इलाकों में पहुंची। दिनभर करीब 31 कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग नशामुक्त जीवन अपनाने की प्रतिज्ञा ले रहे हैं।

बस के अंदर कुंभकरण की चलायमान प्रस्तुति के जरिए नशे के नुकसान को प्रभावी और रोचक ढंग से समझाया जा रहा है। वहीं बस के बाहरी हिस्से में लगाई गई चित्र प्रदर्शनी के माध्यम से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक और सामाजिक नुकसान की जानकारी दी जा रही है।

अभियान की खास बात यह है कि प्रशिक्षित कार्यकर्ता और वक्ता एक साथ अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर जागरूकता कार्यक्रम कर रहे हैं। इससे कम समय में बड़ी संख्या में लोगों तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में लोगों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई जा रही है।

नशामुक्त भारत अभियान के तहत निर्धारित दस करोड़ लोगों को नशामुक्ति की प्रतिज्ञा दिलाने के लक्ष्य की ओर यह पहल लगातार आगे बढ़ रही है। आगामी 13 अगस्त को बस यात्रा जुगसलाई क्षेत्र में पहुंचेगी, जहां विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Related Post