Breaking
Wed. Aug 12th, 2026

चतरा में ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 14\.93 ग्राम नशीला पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार

चतरा। नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ चतरा सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 14.93 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया है। गिरफ्तार युवकों के खिलाफ सदर थाना में मामला दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस के अनुसार 11 अगस्त 2026 की शाम करीब सात बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि जितनी मोड़ से आगे बहेड़ा टांड़ स्थित खाली मैदान में रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री के लिए पहुंचने वाले हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई की तैयारी की गई। अंचलाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया और टीम को बहेड़ा टांड़ भेजा गया।

पुलिस टीम ने बताए गए स्थान के आसपास निगरानी शुरू की। इसी दौरान दो संदिग्ध युवक पुलिस के हत्थे चढ़ गए। तलाशी लेने पर उनके पास से ब्राउन शुगर बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के कुंजरटोली निवासी मोहम्मद राजा उर्फ तालीम, उम्र 28 वर्ष, पिता मोहम्मद सलीम और असढ़ीया निवासी आदित्य कुमार यादव, उम्र 22 वर्ष, पिता लोकेश्वर यादव के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक मोहम्मद राजा उर्फ तालीम की हाफ पैंट की बायीं जेब से कागज में लिपटा 1.58 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया, जबकि आदित्य कुमार यादव के पास से प्लास्टिक में रखा 13.35 ग्राम ब्राउन शुगर मिला। बरामद नशीले पदार्थ को जब्त करने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सदर थाना लाया गया।

इस मामले में सदर थाना कांड संख्या 336/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21, 22, 27, 28 और 29 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि बरामद ब्राउन शुगर कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति तथा खरीद-बिक्री के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

छापेमारी अभियान में इंस्पेक्टर सह सदर थाना प्रभारी अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, सहायक अवर निरीक्षक प्रवीण कुमार समेत सदर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post