Breaking
Sun. Nov 1st, 2026

खटिक समाज के विकास और शिक्षा को लेकर जिला कार्यकारिणी की बैठक

चाईबासा: बुधवार को चाईबासा के बालाजी होटल में अखिल भारतीय खटिक समाज की जिला कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भैया लाल सोनकर ने की। बैठक में खटिक समाज के विकास, आपसी सहयोग और बच्चों की शिक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में समाज से जुड़े वैसे लोगों को सहयोग करने का निर्णय लिया गया, जो किसी कारणवश पीछे रह गए हैं। सदस्यों ने कहा कि समाज के प्रत्येक परिवार और व्यक्ति को एक-दूसरे का सहयोग करना चाहिए। शादी-विवाह, व्यवसाय, घर-गृहस्थी सहित अन्य जरूरतों के समय समाज के लोगों को एक-दूसरे के साथ खड़ा रहना चाहिए। आपसी सहयोग और एकजुटता से ही समाज का समृद्ध विकास संभव है।

बैठक में प्रदेश स्तर के सदस्यों के साथ धनबाद से आए समाज के सदस्य भी शामिल हुए। जिला कमेटी की ओर से धनबाद से आए सदस्यों का फूल-माला पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया गया। इस दौरान समाज के विकास को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में बच्चों की शिक्षा को विशेष प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि समाज के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। शिक्षा के माध्यम से ही समाज की नई पीढ़ी आगे बढ़ सकती है और समाज का सही विकास संभव हो सकेगा। इसके लिए अभिभावकों को भी बच्चों की पढ़ाई के प्रति जागरूक करने पर बल दिया गया।

बैठक में समाज की एकजुटता बनाए रखने तथा जरूरतमंद परिवारों को हरसंभव सहयोग देने का निर्णय लिया गया। सदस्यों ने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी लोगों की भागीदारी जरूरी है।

इस अवसर पर भैरवनाथ सोनकर, काशीनाथ सोनकर, देवराज सोनकर, शनि सोनकर, राहुल सोनकर, गोरा सोनकर, भोनू सोनकर, दिनेश सोनकर, बब्बू सोनकर, राजू सोनकर, राजेश सोनकर, वीरेंद्र सोनकर, शंकर सोनकर सहित सोनकर समाज से जुड़े सैकड़ों कार्यकर्ता और सदस्य उपस्थित थे। बैठक में समाज के लोगों ने आपसी एकता और सहयोग के साथ खटिक समाज को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Related Post