सरायकेला। आदित्यपुर-सरायकेला मुख्य मार्ग पर बड़ा कांकड़ा पंचायत भवन के समीप सोमवार को तेज रफ्तार हाइवा ने सड़क किनारे खड़ी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाइवा स्कूटी को करीब 20 फीट तक घसीटता हुआ ले गया। दुर्घटना में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि स्कूटी पर रखा बकरा भी हादसे की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
बताया गया कि स्कूटी चालक अपनी स्कूटी संख्या JH22J-5744 को सड़क किनारे खड़ी कर लघुशंका के लिए गए थे। इसी दौरान हाइवा संख्या JH05BM-0503 तेज गति से वहां पहुंचा और खड़ी स्कूटी को टक्कर मार दी। हाइवा को अपनी ओर आते देख स्कूटी चालक ने किसी तरह खेत में छलांग लगाकर अपनी जान बचाई।
घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और मुआवजे की मांग को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की स्थिति खराब होने के साथ ही इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही काफी अधिक है। स्थानीय निवासी कृष्ण दास ने कहा कि सड़क की समस्या और भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर पहले ही उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर जानकारी दी जा चुकी है।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क काफी संकरी है और इसी रास्ते से बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे गुजरते हैं। इसके बावजूद तार लदे वाहनों समेत अन्य भारी वाहन तेज गति से चलते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने स्कूल आने-जाने के समय भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने, क्षतिग्रस्त स्कूटी के चालक को उचित मुआवजा देने और वाहनों की गति नियंत्रित करने की मांग की है।
घटना की सूचना मिलने पर सरायकेला पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क जाम कर आंदोलन किया जाएगा।

