जमशेदपुर। JPSC-JSSC से जुड़े मामलों की निष्पक्ष CBI जांच और छात्रों के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर रांची में विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर टियर गैस के इस्तेमाल को लेकर भाजपा पूर्वी सिंहभूम के जिला प्रभारी सह पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।
दिनेश कुमार ने कहा कि अपने हक और अधिकार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से विधानसभा घेराव करने पहुंचे छात्रों पर टियर गैस का इस्तेमाल करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की आवाज सुननी चाहिए, न कि दमनात्मक कार्रवाई के जरिए उनके आंदोलन को दबाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि JPSC-JSSC से जुड़े मामलों को लेकर छात्रों के मन में कई सवाल और आशंकाएं हैं। इनका समाधान पारदर्शी और निष्पक्ष जांच से ही संभव है। सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष CBI जांच कराने की दिशा में तत्काल पहल करनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके और छात्रों का विश्वास बहाल हो।
दिनेश कुमार ने कहा कि विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर टियर गैस, पानी की बौछार और लाठी का इस्तेमाल किया जाना यह दर्शाता है कि सरकार छात्रों की आवाज सुनने के बजाय उसे दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि दमनात्मक कार्रवाई से छात्रों का हौसला नहीं टूटेगा और लोकतंत्र में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखना उनका अधिकार है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि छात्रों के खिलाफ दमनात्मक कार्रवाई तत्काल बंद की जाए, उनकी मांगों पर गंभीरता से संवाद किया जाए तथा JPSC-JSSC मामले की निष्पक्ष CBI जांच कराकर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

