Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

सावन के दूसरे सोमवार पर एग्रिको में सजेगा भक्ति का महाकुंभ, दीपक लख्खा और स्नेहा सिंह राजपूत की भजन संध्या होगी आकर्षण

जमशेदपुर: सावन माह के दूसरे सोमवार, 10 अगस्त को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान भक्ति और श्रद्धा के रंग में रंगा नजर आएगा। नीलकंठ महादेव संघ की ओर से भव्य भजन संध्या और 10वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। आयोजन को लेकर शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संघ के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।

संघ के सदस्य अरविन्द कुमार और पंकज कुमार ने बताया कि यह आयोजन लगातार दसवें वर्ष आयोजित किया जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस बार भी कार्यक्रम को पहले से अधिक भव्य स्वरूप दिया गया है। उन्होंने शहर और आसपास के सभी शिवभक्तों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।

कार्यक्रम की शुरुआत शाम 6:30 बजे भजन संध्या से होगी। इसमें चंडीगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक दीपक लख्खा और बिहार के भोजपुर (आरा) की चर्चित भजन गायिका स्नेहा सिंह राजपूत अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को शिवभक्ति में सराबोर करेंगी। दोनों कलाकारों की प्रस्तुति इस धार्मिक आयोजन का मुख्य आकर्षण होगी।

भजन संध्या के बाद रात 8 बजे 10वें विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार हजारों श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए भोजन वितरण, बैठने और अन्य व्यवस्थाओं की विशेष तैयारी की जा रही है।

इस वर्ष आयोजन स्थल पर आठ फीट ऊंचे बर्फ से निर्मित शिवलिंग की विशेष आकर्षक प्रतिकृति भी स्थापित की जाएगी, जो श्रद्धालुओं के बीच आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगी। इसके अलावा वाहन पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में प्रवेश के लिए किसी प्रकार के पास की आवश्यकता नहीं होगी और बैठने की व्यवस्था ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर रहेगी।

अरविन्द कुमार ने बताया कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। इसी भावना के साथ संघ हर वर्ष धार्मिक आयोजन कर समाज में आध्यात्मिक चेतना, भाईचारे और सेवा की भावना को मजबूत करने का प्रयास करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस वर्ष भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु आयोजन में शामिल होकर भजन संध्या का आनंद लेंगे और महाप्रसाद ग्रहण करेंगे।

आयोजन समिति के अनुसार शहर की कई प्रमुख हस्तियों को भी व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

प्रेस वार्ता में पंकज कुमार, अरविन्द कुमार, बालकृष्ण प्रसाद, अजीत कुमार, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, रणवीर मंडल, मुनीम सिंह, राज सिंह, मंजीत, जयपाल भगत, राजभुवन, सतीश, पिंटू, रणजीत सरकार, अमित सिन्हा, संतोष सिन्हा, राजू सानन, महेंद्र शुक्ला, सुनील, धनंजय मंडल, मनोज कुमार, दिलीप पासवान, जितेंद्र प्रसाद, बिट्टू राय सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Related Post