Breaking
Fri. Aug 28th, 2026

8 और 9 अगस्त को सभी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष शिविर, पात्र नागरिक फॉर्म-6 और फॉर्म-8 भरें: उपायुक्त मनीष कुमार

चाईबासा: झारखंड मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत पश्चिमी सिंहभूम जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 8 एवं 9 अगस्त को विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा, जहां पात्र नागरिकों के लिए फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के सभी पात्र भारतीय नागरिकों से विशेष शिविर का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने बताया कि जो भारतीय नागरिक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके हैं अथवा 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे और संबंधित मतदान क्षेत्र के सामान्य निवासी हैं, वे मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए फॉर्म-6 एवं घोषणा-पत्र भर सकते हैं।

उपायुक्त ने बताया कि जिन परिवारों के सदस्यों के नाम अलग-अलग मतदान केंद्रों पर दर्ज हैं या जिनका मतदान केंद्र उनके वर्तमान निवास से दूर है, वे फॉर्म-8 भरकर परिवार के सभी सदस्यों का नाम एक ही निकटवर्ती मतदान केंद्र में स्थानांतरित करा सकते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया केवल पात्र भारतीय नागरिकों के लिए है। किसी भी विदेशी नागरिक को इस प्रक्रिया में भाग नहीं लेना चाहिए।

मनीष कुमार ने बताया कि मतदाता ऑनलाइन आवेदन के लिए ईसीआईनेट ऐप का उपयोग कर सकते हैं या वोटर्स पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए वोटर हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे 8 एवं 9 अगस्त को अपने निकटतम मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, परिवार के सदस्यों का नाम एक ही मतदान केंद्र में स्थानांतरित कराने तथा आवश्यक संशोधन संबंधी कार्य समय पर पूरा कराएं। उन्होंने कहा कि “कोई भी पात्र नागरिक छूटे नहीं” अभियान को सफल बनाने में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।

Related Post