Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

सरायकेला में आकाशीय बिजली का कहर, घर के भीतर बैठे अनिल महतो की मौत, गांव में मातम

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले में लगातार बदलते मौसम के बीच शुक्रवार को आकाशीय बिजली ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। सरायकेला थाना क्षेत्र के टेंटोपोसी पंचायत अंतर्गत दुबराजपुर गांव के बेचीडीह टोला में आकाशीय बिजली गिरने से अनिल महतो की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे इलाके में तेज बारिश के साथ बादलों की गर्जना हो रही थी। इसी दौरान अनिल महतो अपने घर के भीतर बैठे हुए थे। अचानक तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास के ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सरायकेला सदर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलने पर सरायकेला थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मामले में यूडी केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

इस हादसे के बाद दुबराजपुर गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि मौसम अचानक खराब होने के साथ तेज गर्जना और बिजली चमक रही थी। अनिल महतो की असामयिक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है और लोग परिजनों को ढांढस बंधाने उनके घर पहुंच रहे हैं।

Related Post