Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

आज से चाईबासा में जुटेंगे राज्यभर के 355 योग प्रतिभागी, 8 और 9 अगस्त को होगी राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता

चाईबासा: जिला योग एवं स्पोर्ट्स संगठन के तत्वावधान में 8 और 9 अगस्त को स्थानीय पिल्लई टाउन हॉल में राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए झारखंड के सभी 24 जिलों से कुल 355 प्रतिभागियों ने अपना निबंधन कराया है। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

राज्य योग संगठन के अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि प्रतियोगिता शनिवार सुबह 9 बजे से शुरू होगी और देर शाम तक चलेगी। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन सुबह 11 बजे अतिथियों द्वारा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में काफी उत्साह है। सभी प्रतिभागी अपने-अपने जिले की योग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं।

उन्होंने बताया कि बाहर से आने वाले सभी प्रतिभागियों के ठहरने की व्यवस्था स्थानीय रूंगटा मैरिज हाउस एवं राजस्थान भवन में की गई है। साथ ही उनके भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए पश्चिमी सिंहभूम योग संगठन के सभी सदस्य विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं और कार्यों का विभाजन पहले ही कर दिया गया है।

जिला योग संगठन के अध्यक्ष दीपक प्रसाद ने बताया कि प्रतियोगिता के मुख्य प्रायोजक एस.आर. रूंगटा ग्रुप हैं। उनके सहयोग से जिले में इस व्यापक स्तर के आयोजन का सफल संचालन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से जिले में योग के प्रति लोगों की रुचि और जागरूकता बढ़ेगी तथा युवा प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार सुबह 7:30 बजे योग जागरूकता रैली भी निकाली जाएगी। रैली के माध्यम से लोगों को नियमित योग अपनाने तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक किया जाएगा।

आयोजकों ने जिलेवासियों से राज्य स्तरीय योग प्रतियोगिता में पहुंचकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने और आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।

Related Post