Breaking
Thu. Aug 6th, 2026

10 हजार रुपये की रिश्वत लेते पंचायत सचिव गिरफ्तार, लातेहार में एसीबी की बड़ी कार्रवाई

लातेहार: जिले के मनिका प्रखंड में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़काडीह पंचायत के पंचायत सचिव नागेश्वर रजक को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, पंचायत सचिव पर एक विकास योजना की प्रशासनिक स्वीकृति और भुगतान से संबंधित प्रक्रिया पूरी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायतकर्ता ने बताया कि कई बार अनुरोध करने के बावजूद पंचायत सचिव बिना रिश्वत लिए काम करने को तैयार नहीं थे। इससे परेशान होकर उसने पलामू प्रमंडल एसीबी कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले का गोपनीय सत्यापन कराया। जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए जाने पर अधिकारियों ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पूर्व निर्धारित योजना के तहत गुरुवार को शिकायतकर्ता ने मनिका प्रखंड कार्यालय परिसर में पंचायत सचिव को 10 हजार रुपये सौंपे। जैसे ही उन्होंने रुपये स्वीकार किए, पहले से मौजूद एसीबी की टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद एसीबी अधिकारियों ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आरोपी पंचायत सचिव को अपने साथ मेदिनीनगर स्थित एसीबी थाना ले गए। अधिकारियों के अनुसार, आगे की कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। वहीं, प्रखंड कार्यालय में हुई इस गिरफ्तारी के बाद सरकारी कर्मियों के बीच पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।

Related Post