जमशेदपुर/चक्रधरपुर: टाटानगर से सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए अक्टूबर माह में परेशानी बढ़ सकती है। दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में बंडामुंडा डी केबिन पर यार्ड आधुनिकीकरण और बंडामुंडा ए केबिन से राउरकेला के बीच पांचवीं रेल लाइन शुरू करने के लिए बड़े पैमाने पर नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य किया जाएगा। इसके चलते टाटानगर से चलने और यहां से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस, मेमू और पैसेंजर ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के समय और मार्ग में भी बदलाव किया गया है।
मंगलवार को रेलवे दी गई जानकारी के अनुसार, 4 से 12 अक्टूबर 2026 तक प्री-एनआई कार्य चलेगा। 13 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली का डिस्कनेक्शन रहेगा, जबकि दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक पूर्ण ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके बाद 14 से 19 अक्टूबर तक पोस्ट-एनआई कार्य किया जाएगा। इस दौरान बंडामुंडा यार्ड में नई रेल लाइन को जोड़ने और आधुनिक सिग्नल प्रणाली का कमीशनिंग कार्य पूरा किया जाएगा।
इस ब्लॉक का सबसे अधिक असर टाटानगर रेलखंड पर दिखाई देगा। रेलवे ने टाटानगर-राउरकेला मेमू, राउरकेला-टाटानगर मेमू, टाटानगर-हटिया एक्सप्रेस, टाटानगर-बिलासपुर एक्सप्रेस, नितर-टाटानगर एक्सप्रेस, हावड़ा-कांटाबांजी इस्पात एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में रद्द करने की घोषणा की है। इसके अलावा हटिया-पुरी एक्सप्रेस, हावड़ा-सीएसएमटी एक्सप्रेस और धनबाद-अलपुझा एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों में दो-दो घंटे विलंब से रवाना होंगी।
यात्रियों की आवाजाही बनाए रखने के लिए रेलवे ने नई दिल्ली-भुवनेश्वर राजधानी एक्सप्रेस और पुरी-योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस सहित कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों का मार्ग भी अस्थायी रूप से बदल दिया है। ये ट्रेनें निर्धारित अवधि में अपने सामान्य मार्ग के बजाय वैकल्पिक रेलखंड से संचालित होंगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, समय और मार्ग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, क्योंकि अक्टूबर में कई दिनों तक टाटानगर होकर चलने वाली ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा।

