Breaking
Mon. Aug 3rd, 2026

श्रावण के पहले सोमवार पर टुईलाडुंगरी के शीतला माता मंदिर में उमड़ी आस्था, कलश यात्रा और रुद्राभिषेक में शामिल हुए श्रद्धालु

जमशेदपुर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर टुईलाडुंगरी स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर भक्तिमय माहौल में शिव आराधना का प्रमुख केंद्र बना रहा। मंदिर परिसर में महिला समिति के नेतृत्व में कलश यात्रा, रुद्राभिषेक, पूजा-अर्चना और महाआरती का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह कलश यात्रा के साथ हुई। श्रद्धालु मंदिर से स्वर्णरेखा नदी घाट पहुंचे, जहां से वैदिक परंपरा के अनुसार पवित्र जल लेकर पुनः मंदिर लौटे। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष और भक्ति गीतों से गूंजता रहा।

मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता दिनेश कुमार ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना का सबसे पवित्र समय माना जाता है। इस महीने में की गई पूजा-अर्चना व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक चेतना का संचार करती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली महिला समिति, मंदिर समिति और सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मंदिर समिति के महासचिव गिरधारी साहू, उपाध्यक्ष परमानंद कौशल, महावीर प्रसाद, त्रिवेणी कुमार, बी. श्रीनिवास राव, जितेंद्र साहू सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती इंद्रा साहू के नेतृत्व में जमुना निषाद, हेमा साहू, मंजू ठाकुर, मंजू साहू, मनोरमा देवी, चांदनी साहू, द्रौपदी देवी, पार्वती साहू, प्रीति, फुलेश्वरी साहू, सोनी साहू, पूनम देवी, बेला देवी, सुमन निषाद, प्राची निषाद, पिंकी साहू, कमला निषाद, गौरी देवी, पिंकी कुमारी और फूलों देवी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में रोशन साहू, सौरव साहू, विजय मानिकपुरी, धर्मेंद्र साहू, मोतीलाल साहू, गंगाराम साहू, प्रकाश राव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु, मंदिर समिति के सदस्य और बस्तीवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान टुईलाडुंगरी क्षेत्र शिवभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया और श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ एवं माता शीतला से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।

Related Post