जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम उत्पाद विभाग ने अवैध चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ शनिवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए जुगसलाई और बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया। निरीक्षक उत्पाद, धालभूम प्रक्षेत्र कुमार सत्येंद्र के नेतृत्व में संचालित इस विशेष अभियान के दौरान करीब 290 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया, जबकि पूरे मामले में उत्पाद अधिनियम के तहत पांच अलग-अलग अभियोग दर्ज किए जा रहे हैं।
अभियान की शुरुआत बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित वायरलेस मैदान के समीप अवैध शराब बिक्री के ठिकाने से हुई। छापेमारी के दौरान कुछ स्थानीय महिलाओं ने कार्रवाई का विरोध करने की कोशिश की, लेकिन उत्पाद विभाग की टीम ने बिना रुके अभियान जारी रखा और मौके से बड़ी मात्रा में अवैध चुलाई शराब जब्त की। इसके बाद टीम ने बागबेड़ा थाना के पीछे गुरुद्वारा मैदान के समीप स्थित पार्वती देवी (55) के घर पर छापा मारा, जहां से भी अवैध चुलाई शराब बरामद की गई।
इसके बाद उत्पाद विभाग की टीम ने जुगसलाई थाना क्षेत्र के रेलवे लाइन किनारे स्थित खटिक मोहल्ला तथा दुखू मार्केट के सामने संचालित तीन अवैध शराब बिक्री केंद्रों पर एक साथ कार्रवाई की। यहां भी भारी मात्रा में चुलाई शराब बरामद की गई। इसी दौरान दुखू मार्केट निवासी गोपाल राय (50) को अवैध शराब की बिक्री करते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
उत्पाद विभाग ने इस मामले में पार्वती देवी, श्रवण खटिक (52), विनोद खटिक (51), गोपाल राय (50) समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा वायरलेस मैदान के समीप संचालित एक अन्य अवैध शराब बिक्री केंद्र को भी जांच और कार्रवाई के दायरे में लिया गया है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध चुलाई शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और सभी के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

