Breaking
Sun. Aug 23rd, 2026

शॉर्ट सर्किट से विद्यासागर बुक डिपो में भीषण आग, छत पर फंसा रहा पूरा परिवार, लाखों की संपत्ति राख

गुमला। जिले के पालकोट रोड स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के सामने रविवार तड़के स्थित विद्यासागर बुक डिपो में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगने की घटना सुबह करीब 5:15 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी दुकान उसकी चपेट में आ गई और दुकान में रखा सामान जलकर राख हो गया।

घटना के समय दुकान संचालक श्रवण कुमार अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों के साथ दुकान के ऊपर बने आवास में मौजूद थे। चूंकि घर से बाहर निकलने का एकमात्र रास्ता दुकान के भीतर से होकर जाता था और आग ने पूरे हिस्से को घेर लिया था, इसलिए परिवार बाहर नहीं निकल सका। जान बचाने के लिए सभी लोग छत पर पहुंच गए और वहीं से मदद की गुहार लगाने लगे।

परिवार के छत पर फंसे होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बिना देर किए दुकान का शटर तोड़कर राहत कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों के सहयोग से करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते किए गए इस प्रयास से पूरा परिवार सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

हालांकि आग की इस घटना में दुकान में रखा पुस्तकें, स्टेशनरी और अन्य सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित दुकानदार श्रवण कुमार ने बताया कि इस अग्निकांड में उन्हें लगभग आठ लाख रुपये की आर्थिक क्षति हुई है। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

Related Post