आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्क्रैप से लदे दो मालवाहक वाहनों को जब्त किया है। इस मामले में दोनों वाहनों के चालकों को गिरफ्तार कर रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं, पुलिस अब वाहन मालिकों और अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार शनिवार दोपहर गश्ती के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया और आसपास के इलाकों में बिना वैध दस्तावेजों तथा कथित फर्जी कागजात के सहारे स्क्रैप की ढुलाई की जा रही है। सूचना की पुष्टि होने के बाद आदित्यपुर थाना पुलिस ने मेकर्स कास्टिंग प्राइवेट लिमिटेड के समीप विशेष अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्क्रैप से लदे 407 वाहन (जेएच-05एएल-6047) और एक छोटा हाथी वाहन (जेएच-05एयू-4216) को रोककर जांच की। जांच के दौरान दोनों वाहनों के चालक स्क्रैप परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
इस मामले में टेल्को थाना क्षेत्र के जमको मछुआ बस्ती निवासी 28 वर्षीय बबलू कुमार और आरआईटी थाना क्षेत्र के आदित्यपुर-दो स्थित बनता नगर निवासी 27 वर्षीय संतोष सरदार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने दोनों वाहनों के मालिकों तथा संबंधित कंपनी संचालक के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की है।
आदित्यपुर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों को रविवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि अवैध स्क्रैप कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इसमें शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि औद्योगिक क्षेत्र में अवैध स्क्रैप के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

