जमशेदपुर: भारत के अग्रणी एक्टिववियर ब्रांड टेक्नोस्पोर्ट ने झारखंड में अपना पहला एक्सक्लुसिव ब्रांड आउटलेट (ईबीओ) शुरू कर पूर्वी भारत में अपने रिटेल विस्तार को नई गति दी है। सोनारी स्थित बिंदल मॉल के ग्राउंड फ्लोर पर 2,200 वर्गफुट से अधिक क्षेत्रफल में फैले इस नए स्टोर का उद्घाटन कुमार कुशाग्र, पंकज कुमार और साहिल राज ने किया। उद्घाटन समारोह में झारखंड क्रिकेट से जुड़े कई प्रमुख सदस्य भी मौजूद रहे।
इस नए स्टोर के शुरू होने के साथ ही देशभर में टेक्नोस्पोर्ट के एक्सक्लुसिव ब्रांड स्टोर्स की संख्या बढ़कर 66 हो गई है। कंपनी के अनुसार, झारखंड उसके लिए तेजी से उभरता हुआ बाजार है, जहां जनरल ट्रेड के माध्यम से ब्रांड को लगातार सकारात्मक प्रतिक्रिया मिल रही है। औद्योगिक और युवा आबादी वाले शहर जमशेदपुर में फिटनेस के प्रति बढ़ती जागरूकता, आधुनिक रिटेल इकोसिस्टम और किफायती एवं परफॉर्मेंस-आधारित एक्टिववियर की बढ़ती मांग को देखते हुए कंपनी ने इसे रणनीतिक विस्तार के लिए उपयुक्त बाजार माना है।
टेक्नोस्पोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पुष्पेन मैती ने कहा कि जमशेदपुर में पहला स्टोर शुरू होना पूर्वी भारत में कंपनी के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि शहर में फिटनेस और एक्टिव लाइफस्टाइल के प्रति बढ़ती रुचि के साथ गुणवत्तापूर्ण और किफायती एक्टिववियर की बढ़ती मांग इसे कंपनी के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बनाती है। उनका कहना था कि यह स्टोर ग्राहकों के साथ कंपनी के संबंधों को और मजबूत करेगा तथा झारखंड में भविष्य के विस्तार की मजबूत नींव साबित होगा।
राज्य में अपनी दीर्घकालिक मौजूदगी को मजबूत करने के लिए टेक्नोस्पोर्ट ने झारखंड टी20 लीग के टाइटल स्पॉन्सर के रूप में भी साझेदारी की है। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के स्वामित्व वाली यह राज्य की पहली आधिकारिक फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग है। कंपनी का कहना है कि इस पहल के जरिए स्थानीय खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ झारखंड के प्रमुख शहरों में क्लस्टर आधारित रिटेल विस्तार को भी गति मिलेगी।
नए आउटलेट में टेक्नोस्पोर्ट का नवीनतम परफॉर्मेंस वियर कलेक्शन उपलब्ध कराया गया है। इसमें क्विक-ड्राई ट्रेनिंग टी-शर्ट, ब्रेथेबल पोलो, स्ट्रेच जॉगर, शॉर्ट्स और एंटी-ओडर तकनीक से युक्त टिकाऊ उत्पाद शामिल हैं। कंपनी के अनुसार, यह कलेक्शन विशेष रूप से गर्म और आर्द्र मौसम को ध्यान में रखते हुए बेहतर आराम और प्रदर्शन के लिए तैयार किया गया है।
कंपनी आने वाले महीनों में जमशेदपुर के फिटनेस समुदाय से जुड़ने के लिए मैराथन, फिटनेस एक्टिवेशन और स्थानीय जिम्स के साथ साझेदारी जैसी गतिविधियां भी आयोजित करेगी। टेक्नोस्पोर्ट ने वित्त वर्ष 2027 के अंत तक देशभर में अपने एक्सक्लुसिव ब्रांड स्टोर्स की संख्या बढ़ाकर लगभग 130 तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

