Breaking
Sat. Aug 1st, 2026

शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस पर सेंट्रल सिख नौजवान सभा का आयोजन, नशा मुक्ति प्रतियोगिता के विजेताओं और रक्तवीरों का हुआ सम्मान

जमशेदपुर: महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद उधम सिंह के बलिदान दिवस के अवसर पर सेंट्रल सिख नौजवान सभा की ओर से साकची स्थित सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी परिसर में एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को शहीद उधम सिंह के त्याग और राष्ट्रभक्ति से प्रेरित करना तथा समाज में नशा मुक्ति और मानव सेवा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

सभा के प्रधान अमरीक सिंह ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को शहीद उधम सिंह के जीवन से प्रेरणा लेकर समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम के दौरान ‘नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता’ का आयोजन किया गया, जिसमें 60 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लेकर नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नियमित रक्तदाता एवं प्लेटलेट्स डोनर्स, जिन्हें ‘रक्तवीर’ के रूप में सम्मानित किया गया, उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कोरोना काल से लेकर वर्तमान समय तक जरूरतमंद मरीजों की सहायता करने वाले 20 रक्तवीरों के निस्वार्थ सेवा भाव की अतिथियों ने सराहना की।

इस अवसर पर पोटका विधायक संजीब सरदार, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, महासचिव गुरचरण सिंह बिल्ला, स्त्री सत्संग सभा की प्रधान रविंद्र कौर सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने शहीद उधम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सभा की ओर से सभी अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।

अपने संबोधन में विधायक संजीब सरदार ने सेंट्रल सिख नौजवान सभा के इस सामाजिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को नशे जैसी कुरीतियों से दूर रहकर समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। यही शहीद उधम सिंह के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्ति निबंध प्रतियोगिता के हिंदी और अंग्रेजी दोनों वर्गों के विजेताओं को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अंग्रेजी वर्ग में जेनेलिया केराई ने प्रथम, सर्वेश कुमार ने द्वितीय और महेश जोनको ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं हिंदी वर्ग में रितिका कुमारी प्रथम, सरबजीत सिंह द्वितीय तथा वाई भरगयी तृतीय स्थान पर रहीं।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सिमरन कौर, कंवलजीत कौर, निकेश कुमार शर्मा और जगनजोत कौर शामिल रहे।

सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह ने सफल आयोजन के लिए सेंट्रल सिख नौजवान सभा के पदाधिकारियों की सराहना की। उन्होंने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और रक्तवीरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक सुधार के ऐसे आयोजनों में कमेटी आगे भी निरंतर सहयोग करती रहेगी।

कार्यक्रम का संचालन इंदरजीत सिंह ने किया। आयोजन को सफल बनाने में सेंट्रल सिख नौजवान सभा के महासचिव रंजीत सिंह, सुखवंत सिंह, सिख विजडम के परविंदर सिंह, चरणजीत सिंह, गतका फेडरेशन के जगजीत सिंह, सुखवंत सिंह, सुरेंद्र सिंह शिंदे, परमिंदर सिंह गोल्डी, जगप्रीत सिंह जेडी, अमनजोत सिंह, सुखदेव सिंह सहित सभा के अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Related Post