सरायकेला। चांडिल-मुरी रेलखंड के तिरुलडीह और बकारकुड़ी रेलवे स्टेशन के बीच शनिवार को हुए एक दर्दनाक रेल हादसे में 50 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। घटना तिरुलडीह थाना क्षेत्र के चानो गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर हुई, जहां ट्रेन की चपेट में आने से ग्रामीण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान चानो गांव निवासी मंगल सिंह मुंडा (50) के रूप में हुई है। बताया गया कि घटना रेलवे पोल संख्या 318/15ओ और 319/15 के बीच हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, मंगल सिंह मुंडा पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ थे। हालांकि, वे किस परिस्थिति में रेलवे ट्रैक पर पहुंचे और हादसा कैसे हुआ, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।

