Breaking
Sun. Sep 13th, 2026

आदित्यपुर से दो नाबालिग बच्चे लापता, परिजनों ने लोगों से मांगी मदद

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के साईं नगर से शनिवार तड़के दो नाबालिग बच्चों के लापता होने का मामला सामने आया है। सुबह घर से निकले दोनों बच्चे काफी देर तक वापस नहीं लौटे, जिसके बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उनकी तलाश शुरू कर दी।

लापता बच्चों की पहचान बैंक ऑफ बड़ौदा कॉलोनी, कल्पनापुरी निवासी 14 वर्षीय अंश गुप्ता और 12 वर्षीय मोहम्मद अरशद के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों बच्चे शनिवार की भोर में घर से निकले थे, लेकिन उसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल सका। बताया गया है कि घर से निकलते समय मोहम्मद अरशद ने काले रंग की टी-शर्ट और काला ट्राउजर पहन रखा था।

बच्चों के परिजन रिश्तेदारों, दोस्तों और आसपास के इलाकों में लगातार उनकी तलाश कर रहे हैं। इसके बावजूद अब तक दोनों बच्चों के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है, जिससे परिवार बेहद परेशान है।

इधर, वार्ड पार्षद अवधेश सिंह ने भी क्षेत्र के लोगों से अपील की है कि यदि किसी को दोनों बच्चों के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी मिले तो तुरंत उनके परिजनों या उन्हें सूचित करें। उन्होंने कहा कि समय पर मिली एक छोटी-सी सूचना भी बच्चों को सुरक्षित उनके परिवार तक पहुंचाने में अहम साबित हो सकती है।

Related Post