नई दिल्ली। झारखंड की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को संसद भवन परिसर में मौन उपवास किया। प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो समेत पार्टी के अन्य सांसद शामिल हुए।
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों से राज्य के लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। पार्टी का कहना है कि भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मामले की केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए।
मौन उपवास के दौरान भाजपा सांसदों ने कहा कि झारखंड के छात्र और युवा न्याय की मांग कर रहे हैं तथा उन्हें निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस मामले में जवाब देने से बच रही है।
भाजपा ने स्पष्ट किया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित घोटालों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर उसका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। पार्टी का कहना है कि जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलेगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी, तब तक वह इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।

