Breaking
Thu. Oct 22nd, 2026

ट्रक की टक्कर से नवविवाहित दंपती की दर्दनाक मौत, एक साल पहले हुई थी शादी

लोहरदगा। जिले के बरवा टोली स्थित ललित नारायण स्टेडियम के समीप शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार नवविवाहित दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच के साथ-साथ दुर्घटना में शामिल ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुर्से गांव निवासी 24 वर्षीय वारिश अंसारी अपनी 21 वर्षीय पत्नी सानिया खातून के साथ स्कूटी से एक रिश्तेदार के घर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि वारिश अंसारी और सानिया खातून का विवाह करीब एक वर्ष पहले हुआ था। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पूरे गांव में भी शोक का माहौल है।

Related Post