चाईबासा: नोवामुंडी प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बरायबुरु परिसर में शुक्रवार को 77वें वन महोत्सव एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जगन्नाथपुर विधायक सह उप मुख्य सचेतक (सत्तारूढ़ दल) सोनाराम सिंकु शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर की गई। इस अवसर पर सोनाराम सिंकु का बुके और पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि समेत सभी अतिथियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष लक्ष्मी सुरेन, जिला परिषद सदस्य भाग-1 देवकी कुमारी, नोवामुंडी प्रखंड प्रमुख पूनम गिलुवा, मुखिया मंगल गिलुवा तथा मुखिया लिपि मुंडा ने भी भाग लिया। सभी अतिथियों ने लाभुकों के बीच विभिन्न सामग्रियों का वितरण किया।
इस मौके पर डीएफओ अविरूप सिन्हा, आईएफएस अनुराधा मिश्रा, गुवा वन प्रक्षेत्र पदाधिकारी रामानंदन राम, भादो टोप्पो, सूरज चांपिया, ज्वाला साहनी, मामूर, दानिश, मोहम्मद जावेद, सीताराम मांझी, रिक्की बोदरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश दिया गया। आयोजकों ने लोगों से पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल करने की भी अपील की।

