Breaking
Thu. Jul 30th, 2026

भूमि पूजन के साथ शुरू हुई तैयारियां, 10 अगस्त को होगी नीलकंठ महादेव संघ की 10वीं भव्य भजन संध्या

जमशेदपुर: पवित्र श्रावण मास की दूसरी सोमवारी के शुभ अवसर पर भगवान शिव की भक्ति से शहर को शिवमय बनाने के उद्देश्य से नीलकंठ महादेव संघ ने आगामी 10 अगस्त को आयोजित होने वाली 10वीं भव्य भजन संध्या एवं विशाल महाभंडारे की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ कर दिया। बुधवार को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार और भूमि पूजन के साथ आयोजन की औपचारिक शुरुआत हुई।

भूमि पूजन में संघ के सभी पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आयोजन की सफलता, सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू की गई।

संघ के सदस्य अरविंद कुमार ने बताया कि भजन संध्या की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी देश के प्रसिद्ध और ख्यातिप्राप्त भजन गायक अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को शिवभक्ति के रस में सराबोर करेंगे। आमंत्रित कलाकारों के नामों की घोषणा जल्द ही की जाएगी।

उन्होंने बताया कि भजन संध्या के समापन के बाद विशाल महाभंडारे का आयोजन होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। संघ की ओर से कार्यक्रम की विस्तृत समय-सारिणी और अन्य आवश्यक जानकारी भी शीघ्र सार्वजनिक की जाएगी।

संघ के सदस्यों ने बताया कि आयोजन को सफल और भव्य बनाने के लिए सभी सदस्य सेवा भाव के साथ पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं।

भूमि पूजन के दौरान पंकज कुमार, अरविंद कुमार, बालकृष्ण प्रसाद, अजीत कुमार, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, रणवीर मंडल, मुनीम सिंह, राज सिंह, जयपाल भगत, राजभुवन, सतीश, पिंटू, रणजीत सरकार, अमित सिन्हा, संतोष सिन्हा, राजू सानन, महेंद्र शुक्ला, सुनील, धनंजय मंडल, मनोज कुमार, दिलीप पासवान, जितेंद्र प्रसाद, बिट्टू राय सहित संघ के कई सदस्य उपस्थित रहे।

Related Post