Breaking
Wed. Jul 29th, 2026

मलेरिया ने ली सीआरपीएफ जवान की जान, एमजीएम पोस्टमार्टम हाउस में सैन्य सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

जमशेदपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित सीआरपीएफ की 197वीं बटालियन में तैनात जवान पिंटू कुमार साव (35) का बुधवार तड़के एमजीएम अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वह मलेरिया से संक्रमित थे और तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार गंभीर बनी रही और इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

जानकारी के अनुसार, 28 जुलाई को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ने पर जांच कराई गई थी, जिसमें मलेरिया की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज शुरू किया गया। बावजूद इसके उनकी हालत में सुधार नहीं हो सका।

जवान के निधन की सूचना मिलते ही सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों में शोक की लहर दौड़ गई। पोस्टमार्टम के लिए उनके पार्थिव शरीर को एमजीएम अस्पताल के शवगृह लाया गया, जहां सीआरपीएफ के अधिकारियों और जवानों ने पूरे सैन्य सम्मान के साथ उन्हें अंतिम सलामी दी और पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर आवश्यक औपचारिकताएं संपन्न की गईं।

सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव बिहार के वैशाली जिले के फरीदपुर भेजने की व्यवस्था की गई, जहां पूरे राजकीय एवं पारिवारिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

बताया जाता है कि पिंटू कुमार साव का विवाह करीब दस वर्ष पहले हुआ था। उनके परिवार में पत्नी, पांच वर्ष और तीन वर्ष की दो बेटियां तथा दो माह का एक बेटा है।

Related Post