गोड्डा। गोड्डा मुफस्सिल थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में हुई समरसेबल पंप, बैटरी और इन्वर्टर चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के छह समरसेबल पंप, दो इन्वर्टर, एक बड़ी बैटरी, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए हैं। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के घाट मंजवारा गांव और लुकलुकी गर्ल्स स्कूल से समरसेबल पंप तथा लुकलुकी ब्राह्मण टोला स्थित दो घरों से बैटरी और इन्वर्टर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इन घटनाओं के संबंध में मुफस्सिल थाना में कांड संख्या 126/2026, 127/2026 और 129/2026 अज्ञात चोरों के विरुद्ध दर्ज किए गए थे। घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि हरना चौक के पास दो युवक कम कीमत पर बैटरी और इन्वर्टर बेचने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो पुलिस वाहन देखकर दोनों युवक भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी को मोटरसाइकिल सहित पकड़ लिया गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार युवक ने अपना नाम रतन कुमार मांझी, निवासी माल डुमरिया, मुफस्सिल थाना क्षेत्र, गोड्डा बताया। पूछताछ में उसने अपने साथी के साथ मिलकर घाट मंजवारा, लुकलुकी गर्ल्स स्कूल और लुकलुकी ब्राह्मण टोला में हुई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
रतन कुमार मांझी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी के दो इन्वर्टर और एक बड़ी बैटरी बरामद की गई। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल किए गए आरी, प्लास, हथौड़ी, गड़ासा, रेंच और पेचकस समेत अन्य औजार भी जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी सोनू मिर्धा के पास तथा अन्य स्थानों से चोरी के छह समरसेबल पंप भी बरामद किए हैं।
इस मामले में पुलिस ने रतन कुमार मांझी (22 वर्ष) और सोनू मिर्धा (19 वर्ष), दोनों निवासी माल डुमरिया, मुफस्सिल थाना, गोड्डा को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पूरे अभियान का नेतृत्व सदर प्रभाग के अंचल निरीक्षक मधुसूदन मोदक ने किया। छापेमारी टीम में मुफस्सिल थाना प्रभारी आनंद कुमार साहा सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

