Breaking
Sun. Jul 26th, 2026

मकान निर्माण के दौरान रंगदारी मांगने का आरोपी गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा न्यायिक हिरासत में

जमशेदपुर: उलीडीह थाना क्षेत्र के शांतिनगर में मकान निर्माण के दौरान ₹5 लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने आरोपी रविन्द्र नाथ गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में शिकायत सही पाए जाने के बाद न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट प्राप्त कर विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

उलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली ने बताया कि 28 जून 2026 को लक्ष्मी महतो ने थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शांतिनगर स्थित उनके निर्माणाधीन मकान के कार्य के दौरान रविन्द्र नाथ गौड़ ₹5 लाख की रंगदारी की मांग कर रहा था और रकम नहीं देने पर निर्माण कार्य में बाधा डालने की धमकी दे रहा था।

शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान शिकायत में लगाए गए आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट हासिल किया गया और वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी से मामले के संबंध में विस्तृत जानकारी ली गई, जिसके बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक रविन्द्र नाथ गौड़ के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, हत्या के प्रयास, रंगदारी, तोड़फोड़ और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Related Post