Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

गुड़ाबांदा के झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय में स्वास्थ्य शिविर, 166 लोगों की हुई जांच, एक छात्रा मिली मलेरिया संक्रमित

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड स्थित झारखंड बालिका आवासीय विद्यालय, ज्वालकाटा में शुक्रवार को व्यापक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय की 155 छात्राओं के साथ 11 शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं अन्य कर्मियों सहित कुल 166 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं के स्वास्थ्य की नियमित निगरानी और समय पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना था।

स्वास्थ्य जांच शिविर का संचालन मणिपाल टाटा मेडिकल College की चिकित्सा टीम ने किया। टीम का नेतृत्व आउटरीच विभाग के प्रमुख एवं चिकित्सा विभागाध्यक्ष डॉ. महेश्वर प्रसाद तथा सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. गौरव ने किया। उनके साथ डेंटल मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रियंका सहित विभिन्न विभागों के चिकित्सकों, चिकित्सा पदाधिकारियों और पैरामेडिकल कर्मियों ने छात्राओं की जांच की। शिविर को सफल बनाने में विद्यालय की वार्डन सह प्रभारी प्रधानाध्यापिका गुरुबारी मार्डी, शिक्षकों और बाल संसद के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

शिविर के दौरान छात्राओं की आंख, दांत, त्वचा, हीमोग्लोबिन, रक्त शर्करा, सर्दी-जुकाम सहित सामान्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। चिकित्सकों ने जरूरतमंद छात्राओं को नि:शुल्क दवाइयों का भी वितरण किया और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक परामर्श दिया।

जांच के दौरान कक्षा छह की छात्रा रुमा सबर, जो गुड़ाबांदा प्रखंड के हाड़ीयान गांव की रहने वाली है, मलेरिया संक्रमित पाई गई। इसके बाद उसे तत्काल सिंहपुरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर दोबारा रक्त जांच कराई गई तथा बेहतर उपचार के लिए धालभूमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर छात्रा को सदर अस्पताल, जमशेदपुर भी भेजा जा सकता है।

इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाएं कल्याणी पात्र, कनकलता पातर, श्रावंती महतो, नम्रता कुमारी तथा शिक्षक भास्कर महतो, प्रणव मार्डी, चैतन चंद्र किस्कू, गोपीनाथ हांसदा, विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य, मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज की चिकित्सा टीम, विद्यालय के कर्मचारी और सभी छात्राएं उपस्थित रहीं।

Related Post