Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

राहुल गांधी के विरोध में भाजपा ने फूंका पुतला, जे.बी. तुबिड ने धरने को बताया लोकतांत्रिक मर्यादा के विपरीत

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी की ओर से शनिवार को पोस्ट ऑफिस चौक, चाईबासा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास के समक्ष दिए गए धरने का विरोध करते हुए इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताया।

भाजपा के पूर्व प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिड ने कहा कि संसद लोकतांत्रिक चर्चा और जनहित के मुद्दों को उठाने का सर्वोच्च मंच है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपनी बात सदन के भीतर चर्चा और बहस के माध्यम से रखनी चाहिए। सदन में चर्चा से बचकर प्रधानमंत्री आवास के सामने धरने पर बैठना लोकतांत्रिक मर्यादा के अनुरूप नहीं है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास एक अति सुरक्षित क्षेत्र है और वहां विपक्ष के नेता द्वारा धरना देना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के भी संवैधानिक और लोकतांत्रिक तरीके होने चाहिए।

जे.बी. तुबिड ने पेपर लीक के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को इस विषय पर राजनीति करने से पहले अपने शासित राज्यों में सामने आए पेपर लीक के मामलों पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस को छात्रों के भविष्य की चिंता है तो उसे अपने राज्यों में भी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी छात्रों के हित, निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था और पारदर्शी शिक्षा व्यवस्था के पक्ष में है। छात्रों के मुद्दों को राजनीतिक हथियार बनाने के बजाय सभी राजनीतिक दलों को मिलकर समाधान की दिशा में काम करना चाहिए।

विरोध प्रदर्शन में भूषण पाठ पिंगुवा, सतीश पुरी, रमेश खिरवाल, चंद्रमोहन तियु, सन्नी पासवान, पवन शर्मा, रामानुज शर्मा, हेमंत केशरी, रवि विश्वकर्मा, मुकेश लालू, नवीन गुप्ता, विप्लव सिंह, दुर्गावती बोयपाई, रूपा दास, हेमंती विश्वकर्मा, अनंत सयनम, पंकज खिरवाल, जयकिशन बिरुली, अक्षय खात्री, सौरव प्रसाद, सुदामा हाईबुरु, पप्पू महतो, अजय देवगम, कुंज बिहारी, मुकेश दास, नारायण पांडेय, अनिल दास, दोनो बानसिंह, जुली खत्री, मांगता गोप, पंकज टोप्पो, संजय साव, जगदीश निषाद, दशरथ खाडाईत, संजय कूंकल, मनीष कलुन्दिया, विकास पांडेय, विकास बलमुचू, संतोष मिश्रा, जगदीश दास, दुर्योधन पान, अजय खंडाईत, पंकज सिंह, विक्की यादव, प्रदूबन महतो, पप्पू रॉय और द्वारिका शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Post