Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

एसी-डीसी बिल समायोजन में पश्चिमी सिंहभूम की उल्लेखनीय प्रगति, उपायुक्त ने की विभागवार समीक्षा

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में एसी-डीसी बिलों के समायोजन से संबंधित समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित एसी-डीसी बिलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई और शेष मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।

बैठक में उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, सामान्य शाखा उपसमाहर्ता देवेंद्र कुमार, ट्रेजरी पदाधिकारी सुमित कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं विभिन्न कार्यालयों के निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी मौजूद थे।

समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में पूर्व से लंबित एसी-डीसी बिलों के समायोजन में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अधिकांश विभागों ने लंबित मामलों के निष्पादन की दिशा में प्रभावी कार्रवाई की है, जिससे लंबित मामलों की संख्या लगातार कम हुई है।

उपायुक्त मनीष कुमार ने इस उपलब्धि पर संबंधित विभागों और अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह वित्तीय अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही का अच्छा उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सरकारी व्यय का समय पर समायोजन वित्तीय प्रबंधन की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। सभी निकासी एवं व्ययन पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शेष लंबित एसी-डीसी बिलों का भी प्राथमिकता के आधार पर जल्द समायोजन सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।

उपायुक्त ने विभागों को नियमित अनुश्रवण, आपसी समन्वय और आवश्यक अभिलेखों का समय पर संधारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यालय वित्तीय नियमों का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी विभागों के सामूहिक प्रयास से पश्चिमी सिंहभूम जिला जल्द ही एसी-डीसी बिलों के शत-प्रतिशत समायोजन का लक्ष्य प्राप्त कर लेगा।

Related Post