Breaking
Wed. Sep 2nd, 2026

कोडरमा घाटी के नौवां माइल में कंटेनर और कोल्ड ड्रिंक लदे ट्रक की भीषण टक्कर, चालक घायल; सड़क पर बिखरी कोल्ड ड्रिंक

कोडरमा: जिले के कोडरमा थाना अंतर्गत रांची–पटना मुख्य मार्ग पर स्थित कोडरमा घाटी के नौवां माइल के पास सुबह कंटेनर और कोल्ड ड्रिंक से लदे ट्रक के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कोल्ड ड्रिंक लदे ट्रक का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

जानकारी के अनुसार, कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक रांची से बिहार की ओर जा रहा था, जबकि बिहार की ओर से एक कंटेनर कोडरमा की तरफ आ रहा था। नौवां माइल के समीप एक तीखे मोड़ पर दोनों वाहन आमने-सामने आ गए और तेज रफ्तार के कारण भीषण टक्कर हो गई।

घायल चालक की पहचान कारपना कालीगुरची (34 वर्ष, निवासी तमिलनाडु) के रूप में हुई है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों, कोडरमा थाना की पेट्रोलिंग टीम तथा रोड सेफ्टी कर्मी सागर कुमार गिरी ने तत्परता दिखाते हुए चालक को क्षतिग्रस्त ट्रक से बाहर निकाला और तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

टक्कर के बाद कोल्ड ड्रिंक से लदा ट्रक सड़क किनारे पलट गया, जिससे उसमें लदा बड़ी मात्रा में कोल्ड ड्रिंक सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक रांची–पटना मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।

सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने की प्रक्रिया शुरू कर यातायात को सामान्य कराया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Post