Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

महिलाओं के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर साइबर ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रामगढ़। रामगढ़ साइबर अपराध थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. अस्फाक उर्फ मो. सलमान उर्फ काला (24 वर्ष) के रूप में हुई है। उस पर महिलाओं के नाम पर बैंक खाते खुलवाने और उनके नाम से सिम कार्ड लेकर साइबर ठगी के नेटवर्क में इस्तेमाल करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में पहले ही अबु तालिब और सरफराज उर्फ सोनू को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर आरोपी को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपी के पास से दूसरे लोगों के नाम पर जारी तीन एटीएम कार्ड तथा फर्जी सिम कार्ड वाला एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस इन बरामदगी के आधार पर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क और उससे जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।

आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और मामले की गहन जांच की जा रही है।

पुलिस की अपील:

पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी या सिम कार्ड किसी अन्य व्यक्ति को उपयोग के लिए न दें। ऐसा करना साइबर अपराध को बढ़ावा देने के साथ-साथ संबंधित व्यक्ति को कानूनी परेशानी में भी डाल सकता है।

Related Post