Breaking
Tue. Jul 21st, 2026

जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक तथा जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे।

जनता दरबार में भूमि बंदोबस्ती, लीज बंदोबस्त, मंईयां सम्मान योजना का लाभ, सेवा पुस्तिका में संशोधन, पारिवारिक सूची में नाम जोड़ने एवं त्रुटि सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, आवास योजनाएं, सड़क निर्माण एवं मरम्मत सहित विभिन्न प्रशासनिक मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी आवेदनों का क्रमवार अवलोकन करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों की प्रकृति के अनुसार शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव था, उनका मौके पर ही निपटारा किया गया। शेष मामलों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी करने के निर्देश के साथ संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

मौके पर उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता दरबार प्रशासन और आम लोगों के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे नागरिक बिना किसी मध्यस्थ के अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करें और यह सुनिश्चित करें कि आवेदकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

Related Post