Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

जेएनएसी में सफाई कर्मियों की हड़ताल, बढ़ी मजदूरी लागू नहीं होने पर कामकाज ठप

जमशेदपुर। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) में सफाई कार्य करने वाले मजदूरों ने सोमवार को बढ़ी हुई मजदूरी लागू नहीं किए जाने के विरोध में काम बंद कर दिया। मजदूरों का आरोप है कि राज्य सरकार द्वारा एक अप्रैल से संशोधित दैनिक मजदूरी लागू किए जाने के बावजूद उन्हें अब तक पुरानी दर पर ही भुगतान किया जा रहा है, जिससे उनमें भारी नाराजगी है।

मजदूरों का कहना है कि उन्हें प्रतिदिन 400 रुपये मजदूरी देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब भी उन्हें इससे कम राशि का भुगतान किया जा रहा है। उनका आरोप है कि कई बार अधिकारियों और संवेदक के समक्ष यह मामला उठाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

मजदूरों के अनुसार, 4 जून को तत्कालीन उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्हें भरोसा दिलाया था कि अगले महीने से सभी सफाई कर्मियों को 400 रुपये प्रतिदिन मजदूरी मिलेगी, लेकिन यह आश्वासन अब तक धरातल पर नहीं उतर सका।

वहीं संवेदक का कहना है कि विभाग से जितनी राशि प्राप्त हो रही है, उसी के अनुरूप मजदूरों को करीब 300 रुपये प्रतिदिन भुगतान किया जा रहा है। उनका दावा है कि विभाग से अधिक भुगतान नहीं मिलने के कारण वे मजदूरी बढ़ाने की स्थिति में नहीं हैं।

सफाई कर्मियों एस.के. करुवा, सुबोध मुखी समेत अन्य मजदूरों ने कहा कि यदि सरकार ने अधिक मजदूरी तय की है तो उसकी पूरी राशि उन्हें मिलनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग से संवेदक को कितनी राशि मिल रही है और मजदूरों तक कितनी पहुंच रही है, इसकी कोई प्रभावी निगरानी नहीं हो रही है।

मजदूरों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे उपायुक्त से मिलकर पूरे मामले की जांच की मांग करेंगे। उनका कहना है कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि सरकार द्वारा निर्धारित मजदूरी कितनी है, विभाग संवेदक को कितना भुगतान कर रहा है और मजदूरों को वास्तविक रूप से कितनी मजदूरी दी जा रही है।

Related Post