जमशेदपुर। आम आदमी पार्टी (आप) की पूर्वी सिंहभूम जिला इकाई ने सोमवार को समाहरणालय परिसर के बाहर धरना-प्रदर्शन कर सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। बाद में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से महामहिम राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अभिषेक कुमार ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा लोकतांत्रिक मूल्यों, शिक्षा, पारदर्शिता और जनहित के मुद्दों पर जनता के साथ मजबूती से खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि देश में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए उठने वाली जनआवाज को दबाया नहीं जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम आदमी पार्टी आगे भी संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेगी।
उन्होंने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से पार्टी ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की लोकतांत्रिक मांगों पर गंभीरता से विचार करने तथा नीट परीक्षा से जुड़े विवादों को देखते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग की है।
धरना-प्रदर्शन में पार्टी के जिला पदाधिकारी, विधानसभा, प्रखंड एवं नगर इकाइयों के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में पार्टी की ओर से प्रदर्शन में शामिल सभी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी जनहित और लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर एकजुट होकर आवाज उठाने का संकल्प दोहराया गया।

