आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, उसकी गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से अभी तक नहीं की गई है। वहीं, इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
रविवार को बड़ी संख्या में गोप समुदाय के लोग और स्थानीय ग्रामीण आदित्यपुर थाना पहुंचे तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। लोगों ने प्रशासन से आग्रह किया कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर स्पीडी ट्रायल के जरिए कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही मृतक के दोनों मासूम बच्चों के पालन-पोषण, शिक्षा और भविष्य की जिम्मेदारी सरकार उठाए।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर चार से पांच हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर जगन्नाथ गोप की बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
मृतक के भाई सोनू गोप ने आरोप लगाया है कि शिवम प्रामाणिक, शिबू और गणेश ने मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया, जबकि प्रेम नायक जगन्नाथ को घर से बुलाकर अपने साथ ले गया था, जिसके बाद उसकी हत्या कर दी गई।
इस घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। जगन्नाथ की पत्नी पार्वती गोप का लगभग डेढ़ वर्ष पहले निधन हो चुका था। अब उनके आठ वर्षीय पुत्र रीतेश गोप और दो वर्षीय पुत्री रेशमी गोप पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। माता-पिता दोनों को खो चुके इन मासूम बच्चों की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों ने सरकार से आर्थिक सहायता और उनके बेहतर भविष्य की व्यवस्था करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद फरार अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

