जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड स्थित दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत सिधिरसाई रेलवे स्टेशन के कायाकल्प की दिशा में शनिवार को बड़ी पहल की गई। स्टेशन के नए और आधुनिक भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो तथा चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) तरुण हुरिया ने संयुक्त रूप से किया। इस परियोजना के पूरा होने के बाद स्टेशन की आधारभूत संरचना में व्यापक बदलाव आएगा और यात्रियों को पहले की तुलना में बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
भूमिपूजन के बाद डीआरएम तरुण हुरिया ने बताया कि करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक स्टेशन भवन का निर्माण किया जाएगा। मानसून समाप्त होने के बाद सितंबर माह से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है और रेलवे ने इसे लगभग एक वर्ष के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। नए भवन में आधुनिक टिकट बुकिंग काउंटर, प्रतीक्षालय, पेयजल, शौचालय, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, यात्रियों के बैठने की सुविधाएं तथा अन्य आवश्यक यात्री सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि सिधिरसाई रेलवे स्टेशन का केवल भवन ही नहीं बदलेगा, बल्कि स्टेशन का व्यापक विस्तार भी किया जाएगा। योजना के तहत यहां पांच रेलवे लाइनें विकसित की जाएंगी, जिससे भविष्य में ट्रेनों के संचालन और परिचालन क्षमता में वृद्धि होगी। इसके साथ ही स्टेशन को मुख्य सड़क से बेहतर ढंग से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग का भी विकास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पोटका क्षेत्र के 50 से अधिक गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और उन्हें रेल यात्रा के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार लगातार रेलवे के आधुनिकीकरण पर विशेष ध्यान दे रही है और छोटे स्टेशनों को भी आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। सिधिरसाई स्टेशन का विकास क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद सांसद विद्युत वरण महतो और डीआरएम तरुण हुरिया ने टाटानगर रेलवे स्टेशन तथा परसुडीह स्थित मकदमपुर रेलवे फाटक का निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान सांसद ने बताया कि टाटानगर से वाराणसी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने के प्रस्ताव पर रेलवे मंत्रालय स्तर पर सकारात्मक पहल जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में इस दिशा में भी बेहतर परिणाम सामने आएंगे, जिससे कोल्हान क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक और तेज रेल सेवा का लाभ मिल सकेगा।

