Breaking
Fri. Jul 17th, 2026

मझगांव में एयर मार्सल पिंगुवा हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र के कुशनुपुर गांव में 26 जून को हुई एयर मार्सल पिंगुवा की हत्या के मामले का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया करीब तीन फीट लंबा डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया गया है।

शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में मझगांव थाना प्रभारी सह पुलिस अवर निरीक्षक धीरज कुमार यादव ने बताया कि 26 जून 2026 को कुशनुपुर गांव के ग्रामीण मुंडा से सूचना मिली थी कि टोला मुंडासाई निवासी एयर मार्सल पिंगुवा (50), पिता स्वर्गीय सोवन पिंगुवा की अज्ञात लोगों ने सिर पर वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां मृतक का शव उसके पुराने घर में जमीन पर पड़ा मिला। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेजा।

मृतक के चचेरे भाई चमन प्रकाश पाठ पिंगुवा की लिखित शिकायत के आधार पर मझगांव थाना में कांड संख्या 16/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापामारी दल का गठन किया गया और तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने 16 जुलाई को कुशनुपुर गांव निवासी युदू पुरती (29) तथा जवाहर लाल चातार उर्फ रंजीत उर्फ जाला (21) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर दोनों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित छापामारी दल में थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक गार्दी सुण्डी, सहायक अवर निरीक्षक सुभाष दास तथा मझगांव थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Post