जमशेदपुर। रथ यात्रा के पावन अवसर पर टाटा पावर ने ओडिशा में पहली बार ‘सोलर रथ’ अभियान की शुरुआत की है। यह अपनी तरह की अनूठी मोबाइल जनजागरूकता पहल है, जिसका उद्देश्य भारत सरकार की प्रमुख योजना प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देना और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक बनाना है। यह पहल टीपी सेंट्रल ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (TPCODL) के माध्यम से शुरू की गई है, जो टाटा पावर और ओडिशा सरकार का संयुक्त उपक्रम है।
इस पहल के माध्यम से टाटा पावर सरकार के उस लक्ष्य को मजबूत करने की दिशा में काम कर रहा है, जिसके तहत अधिक से अधिक घरों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ता स्वयं स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन कर सकें और देश को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर एवं टिकाऊ भविष्य की ओर आगे बढ़ाया जा सके।
प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत ओडिशा ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। हाल ही में आयोजित पीएम सूर्य घर एक्सीलेंस अवार्ड्स में मध्यम उपभोक्ता आधार वाले राज्यों की श्रेणी में ओडिशा को सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले राज्य का सम्मान मिला है। टाटा पावर के नेतृत्व वाले ओडिशा डिस्कॉम और राज्य सरकार के संयुक्त प्रयासों से उपभोक्ता आवेदन, रूफटॉप सोलर इंस्टॉलेशन और तकनीकी निरीक्षण के क्षेत्र में राज्य ने राष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी स्थान प्राप्त किया है।
टाटा पावर के नेतृत्व वाले ओडिशा डिस्कॉम के प्रयासों से अब तक राज्य में 1.5 लाख से अधिक रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित किए जा चुके हैं। कई जिलों में 10 हजार से अधिक इंस्टॉलेशन पूरे हो चुके हैं, जबकि कई गांव पूरी तरह सौर ऊर्जा आधारित बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इससे हजारों परिवारों के बिजली बिल में कमी आई है और वे ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
इसी सफलता को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से ‘सोलर रथ’ पुरी और ढेंकानाल जिलों का दौरा करेगा। इस अभियान के साथ ‘सोलर संगा’ नामक विशेष जागरूकता दूत भी लोगों के बीच पहुंचेंगे। वे ग्रामीणों और उपभोक्ताओं को प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना, रूफटॉप सोलर के लाभ, केंद्र और राज्य सरकार की सब्सिडी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा 1 किलोवाट यूएलए मॉडल सहित विभिन्न सौर ऊर्जा विकल्पों की जानकारी देंगे, ताकि लोग अपनी जरूरत के अनुसार सही विकल्प चुन सकें।
यह अभियान गांवों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर लोगों को रूफटॉप सोलर से जुड़ी विश्वसनीय जानकारी उपलब्ध कराएगा। सामुदायिक संवाद और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे वे अपने बिजली खर्च में कमी लाने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन में भी भागीदार बन सकें।
इस अवसर पर टीपीसीओडीएल के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एवं ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन बिजनेस के प्रमुख गजानन एस. काले ने कहा कि रथ यात्रा लोगों तक आशीर्वाद पहुंचाने का प्रतीक है और ‘सोलर रथ’ के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा तथा ऊर्जा आत्मनिर्भरता का संदेश सीधे जनता तक पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना घरों में बिजली उत्पादन और खपत की सोच को बदल रही है। इस अभियान के जरिए लोगों को योजना के लाभ, सरकारी सहायता और रूफटॉप सोलर अपनाने की सरल प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि ओडिशा की अब तक की उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए यह पहल राज्य में स्वच्छ ऊर्जा को नई गति देगी और अधिक से अधिक परिवारों को भारत के ऊर्जा परिवर्तन अभियान का हिस्सा बनाएगी।
टाटा पावर का यह अभिनव अभियान उपभोक्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के साथ-साथ सरकार के नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को भी मजबूती प्रदान करेगा और ओडिशा को स्वच्छ, हरित एवं ऊर्जा सुरक्षित भविष्य की ओर आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

