जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम पुलिस द्वारा नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उलीडीह ओपी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच-33 स्थित सुवर्णरखा आवासीय शिविर मैदान से एक युवक को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से बिक्री के लिए रखी गई 50 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह मादक पदार्थ सरायकेला के आदित्यपुर से लाकर जमशेदपुर में बेचने की तैयारी में था।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुवर्णरखा आवासीय शिविर के मैदान में एक युवक ब्राउन शुगर की बिक्री के उद्देश्य से मौजूद है। सूचना के आधार पर पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 50 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई, जिसका कुल वजन 2.48 ग्राम पाया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय आशीष विशोई के रूप में हुई है। वह पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र के सालबनी, बांधडीह गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम सुबोधचंद विशोई है।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ब्राउन शुगर आदित्यपुर क्षेत्र से लाकर स्थानीय स्तर पर खपाने का काम करता था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके संपर्क किन बड़े ड्रग तस्करों से हैं और जमशेदपुर में वह किन लोगों तक इस नशीले पदार्थ की आपूर्ति करने वाला था।
इस मामले में उलीडीह ओपी में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है और इस कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भी जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
इस कार्रवाई में डीएसपी दयानंद कुमार के साथ उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली, एसआई रविन्द्र पाण्डेय, अभिषेक कुमार, विजय कुमार, विवेक पाल, एएसआई अखिलेश प्रसाद तथा उलीडीह ओपी के रिजर्व गार्ड के जवान शामिल रहे।

