चाईबासा: गुरुद्वारा नानक दरबार, चाईबासा से सोमवार को सिख श्रद्धालुओं का 11 सदस्यीय जत्था उत्तराखंड स्थित हेमकुंड साहिब के दर्शन के लिए रवाना हुआ। रवाना होने से पूर्व गुरुद्वारा परिसर में श्रद्धालुओं की सकुशल यात्रा एवं सुरक्षित वापसी के लिए अरदास की गई और प्रसाद वितरित किया गया।
जानकारी के अनुसार, टाटानगर से लगभग 140 श्रद्धालु, चाईबासा से 11 तथा रांची से शामिल श्रद्धालुओं सहित कुल करीब 160 तीर्थयात्री जालियांवाला बाग एक्सप्रेस से रुड़की के लिए रवाना हुए। इसके बाद सभी श्रद्धालु बसों के माध्यम से ऋषिकेश पहुंचेंगे, जहां से हेमकुंड साहिब की धार्मिक यात्रा शुरू होगी।
गुरुद्वारा नानक दरबार के ग्रंथी हरभजन सिंह ने सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा और सुखद वापसी के लिए अरदास की। चाईबासा से इस जत्थे का नेतृत्व गगनदीप सिंह वालिया कर रहे हैं, जो टाटानगर से मुख्य जत्थे के साथ हेमकुंड साहिब के लिए रवाना हुए।
इस अवसर पर गुरु सिंह सभा के अध्यक्ष गुरमुख सिंह खोखर ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हेमकुंड साहिब सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह की तपस्थली है। यह सिख समुदाय का ऐतिहासिक एवं प्रमुख धार्मिक तीर्थस्थल है, जहां भव्य गुरुद्वारा स्थापित है। उन्होंने कहा कि दो सप्ताह की इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु अन्य प्रमुख गुरुद्वारों के भी दर्शन करेंगे।
यह धार्मिक यात्रा 13 जुलाई से शुरू होकर 26 जुलाई को चाईबासा वापसी के साथ संपन्न होगी।

