जमशेदपुर: मारवाड़ी महिला मंच, जमशेदपुर शाखा की ओर से आगामी 20 से 22 जुलाई तक बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन के वातानुकूलित (एसी) हॉल में तीन दिवसीय भव्य राखी मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले की तैयारियों को अंतिम रूप देने के उद्देश्य से आयोजित शाखा की मासिक बैठक में कार्यक्रम के पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस दौरान पदाधिकारियों और सदस्यों ने आयोजन की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए इसे सफल बनाने का संकल्प लिया।
शाखा अध्यक्ष सीमा अग्रवाल और सचिव कंचन खीरवाल ने बताया कि यह मेला हर वर्ष की तरह इस बार भी महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को इस आयोजन का हर साल इंतजार रहता है, क्योंकि यहां एक ही स्थान पर त्योहार और घरेलू जरूरतों से जुड़ी अनेक आकर्षक एवं गुणवत्तापूर्ण वस्तुएं उपलब्ध होती हैं।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी मेले में विभिन्न प्रकार की राखियां, लड्डू गोपाल की पोशाकें, गृह सज्जा की सामग्री, हस्तनिर्मित पापड़, मंगोड़ी, खजरा, अचार, मिठाइयां, उपहार सामग्री समेत महिला उद्यमियों द्वारा तैयार किए गए हस्तशिल्प और उपयोगी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध रहेंगे। मेले की खासियत यह होगी कि यहां स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए मंच मिलेगा।
मारवाड़ी महिला मंच ने शहरवासियों से परिवार और मित्रों के साथ मेले में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। मंच का कहना है कि स्थानीय महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की खरीदारी न केवल उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी, बल्कि स्वरोजगार और महिला उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलेगा।

