रांची। रांची पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तमाड़ थाना क्षेत्र में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 15 ग्राम ब्राउन शुगर, दो डिजिटल वजन मशीन, एक मोबाइल फोन तथा 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इस संबंध में तमाड़ थाना में कांड संख्या 41/2026 दर्ज करते हुए एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी), 22 एवं 29 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार, 9 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक रांची को गुप्त सूचना मिली थी कि तमाड़ थाना क्षेत्र के बंगाली टोला में ब्राउन शुगर की अवैध खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा बुंडू अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस टीम बंगाली टोला स्थित राजा शिव दत्ता मलिक उर्फ राजा के घर के पास पहुंची। इसी दौरान एक युवक घर से निकलकर पुलिस को देखकर भागने लगा। सशस्त्र बल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान आशिफ खान के रूप में बताई। एनडीपीएस एक्ट की धारा-50 के प्रावधानों के तहत तलाशी लेने पर उसके पास से लगभग तीन ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई।
पूछताछ में आशिफ खान ने पुलिस को बताया कि उसने यह ब्राउन शुगर राजा शिव दत्ता मलिक से खरीदी है। इसके बाद पुलिस ने राजा शिव दत्ता मलिक के घर की विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर से करीब 12 ग्राम ब्राउन शुगर, दो डिजिटल वजन मशीन, एसीई कंपनी का एक कीपैड मोबाइल फोन तथा 1.70 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस ने जब बरामद ब्राउन शुगर के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे तो आरोपी कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके और न ही संतोषजनक जवाब दे पाए। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बंगाली टोला, तमाड़ निवासी 29 वर्षीय राजा शिव दत्ता मलिक उर्फ राजा तथा हटिया के मुस्लिम बस्ती निवासी 24 वर्षीय आशिफ खान के रूप में हुई है। आशिफ वर्तमान में अपने ससुराल पावर हाउस, बुंडू में रह रहा था।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से हो रही थी तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

