Breaking
Fri. Jul 10th, 2026

रक्तकेंद्र में पर्याप्त रक्त भंडार और 24 घंटे सेवा की मांग, तहसीन आमीन ने भेजा मांग पत्र

चाईबासा: जिले में लगातार विभिन्न संगठनों द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए जाने के बावजूद पश्चिमी सिंहभूम के एकमात्र रक्तकेंद्र, चाईबासा में पर्याप्त रक्त भंडार उपलब्ध नहीं रहने पर समाजसेवी तहसीन आमीन ने चिंता जताई है। इस संबंध में मुहम्मद ब्लड डोनर्स ग्रुप, चाईबासा की ओर से झारखंड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग, पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त तथा असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को मांग पत्र भेजा गया है।

मांग पत्र में रक्तकेंद्र को लाइसेंस मिलने पर बधाई देते हुए कहा गया है कि अब जिले के मरीजों को बेहतर और समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक सुविधाओं का विस्तार किया जाना चाहिए। तहसीन आमीन ने कहा कि जिले में नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित होने के बावजूद रक्ताभाव की समस्या बनी रहती है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है।

मांग पत्र में रक्त समूह संगतता जांच सहित सभी आवश्यक जांच आधुनिक मशीनों और प्रशिक्षित कर्मियों द्वारा रक्तकेंद्र में ही कराने, सभी रक्त समूहों का पर्याप्त रक्त भंडार बनाए रखने, रक्तकेंद्र की सेवा 24 घंटे संचालित करने तथा रक्तकेंद्र के बाहर सभी रक्त समूहों के उपलब्ध रक्त भंडार की अद्यतन सूचना पट्ट (रक्त भंडार सूची) लगाने की मांग की गई है। उनका कहना है कि इससे लोगों को सही जानकारी मिलेगी, कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी और जरूरत पड़ने पर परिजनों को दूसरे स्थानों पर रक्त की व्यवस्था करने में भी आसानी होगी।

मांग पत्र की प्रतिलिपि पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त तथा झारखंड के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग को भी आवश्यक कार्रवाई और दिशा-निर्देश के लिए भेजी गई है।

Related Post