Breaking
Mon. Aug 10th, 2026

ओवरटेक के दौरान ट्रक और कार की भिड़ंत, टियागो पलटी—बाल-बाल बचे सवार

जमशेदपुर। गोलमुरी थाना क्षेत्र में टेल्को जाने वाले मुख्य मार्ग पर बुधवार को एक तेज रफ्तार हादसे ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक ट्रक और टाटा टियागो कार के बीच ओवरटेक करने के दौरान जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में जुट गए। कुछ ही मिनटों में सड़क पर भीड़ जमा हो गई, जिससे यातायात प्रभावित हो गया और लंबा जाम लग गया। मौके पर लोगों में नाराजगी और तनाव का माहौल भी देखने को मिला, हालांकि स्थिति जल्द ही काबू में आ गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोलमुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच में ओवरटेक के दौरान लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है।

राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।

Related Post